चंडीगढ़। सीनियर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर- 7 की बी टीम महिला सीनियर वर्ग में चैंपियन बनी है। फाइनल मुकाबला खेल परिसर सेक्टर- 7 में शुक्रवार को खेला गया। फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर- 7 की बी टीम ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर- 7 की ए टीम को 25-23, 25-23, 25-22 (3-0) से हरा दिया। तीसरे स्थान पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स- 42 की टीम रही। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर- 7 की ए टीम ने स्टार क्लब सेक्टर- 46 की टीम को 25-18, 25-19 (2-0) से हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर- 7 की बी टीम ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स- 42 की टीम को 25-17, 25-15 (2-0) से मात दी। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में यूटी खेल विभाग के डायरेक्टर स्पोर्ट्स तेजदीप सिंह सैनी मुख्य मेहमान के तौर पर उपस्थित रहे। वहीं चंडीगढ़ वॉलीबाल एसोसिएशन के उप प्रधान विजय पाल ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली महिला खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के मैचों में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।