दिग्गज कांग्रेसी नेता ने अरविंद केजरीवाल को स्वार्थी बताया और पंजाब नेताओं के प्रति उनके व्यवहार की कड़ी निंदा की। पंजाब के लुधियाना में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी ने ऐसा कहा। वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और लुधियाना पूर्वी हलके के इंचार्ज गुरमेल सिंह पहलवान द्वारा शनिवार को बस्ती जोधेवाल चौक में हुनर अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित किया।
इसका उद्घाटन मनीष तिवारी ने किया। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल स्वार्थी व्यक्ति हैं, जो अपना उद्देश्य हासिल करने के लिए किसी का भी बलिदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप नेताओं द्वारा गलती या फिर सोच समझकर की गई गंभीर गलतियां दर्शाती हैं कि ये अभी भी पंजाब को जान व समझ नहीं सके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि न ही आप और न ही सत्ताधारी अकाली-भाजपा कांग्रेस के लिए कोई चुनौती रखते हैं।
कांग्रेस शानदार जीत के साथ पंजाब में अगली सरकार बनाएगी। इस अवसर पर रजिंदरपाल सिंह लाली, सन्नी कैंथ, सतविंदर जवद्दी, पलविंदर तग्गड़, बलजिंदर बंटी, प्रमोद राय, लाली गरेवाल और सुनील दत्त मौजूद रहे।