दिग्गज कांग्रेसी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा जिंदगी का कोई बहुत बड़ा फैसला लेने की तैयारी में हैं। इसलिए उन्होंने करीबी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। हुड्डा लोकसभा चुनाव में हार से आहत हैं और अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। जिसकी रणनीति तैयार करने के लिए हुड्डा ने आगामी नौ जून को दिल्ली में पार्टी के करीबी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।
इस बैठक में आर-पार का फैसला हो सकता है। बैठक में चर्चा का विषय हरियाणा की कमान अपने हाथ में लेना होगा। सूत्रों के मुताबिक एक बार फिर से आलाकमान पर इस बाबत दबाव बनाया जाएगा कि जब अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव में पुराने चेहरों पर भरोसा कर कांग्रेस चुनाव जीत सकती है तो हरियाणा में क्यों नहीं।
हालांकि हुड्डा ने इस ओर कोई इशारा नहीं किया है, लेकिन बैठक महत्वपूर्ण इसलिए है, क्योंकि दीपेंद्र हुड्डा ने नौ जून को रोहतक लोकसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक दिल्ली में बुलाई थी। इस बैठक में रोहतक लोकसभा में हुई हार के कारणों की समीक्षा होनी थी। जिसका समय बढ़ाकर 16 जून कर दिया गया। अब यह बैठक 16 जून को रोहतक में ही होगी।