संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अमृतसर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों और समारोह स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। मुख्य चौक, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग और नाकाबंदी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस प्रशासन ने क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी लगातार जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी थाना को दें। प्रशासन ने दोहराया कि गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।