सिख फॉर जस्टिस संगठन के सरगना एवं आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 29 अप्रैल को अमृतसर और फिरोजपुर समेत पंजाब के कई जिलों में रेल यातायात रोकने की धमकी दी है। इसके बाद गुरुवार को राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। अलर्ट के बाद अमृतसर, फिरोजपुर, पठानकोट, जालंधर और लुधियाना स्टेशन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।
लुधियाना स्टेशन पर गुरुवार शाम कमिश्नरेट पुलिस और जीआरपी ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर और ट्रेनों की जांच के वक्त यात्रियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देते ही तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी रूम, रेलवे पुल और स्टेशन के सभी आने और बाहर जाने के रास्तों की जांच की और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनात किया। जीआरपी के एसएचओ जतिंदर सिंह ने बताया कि हाई अलर्ट के मद्देनजर जांच बढ़ाई गई है और जीआरपी विशेष चौकसी बरत रही है।