सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान
समूचे शहर के अलावा निरंकारी भवनों के आसपास अगले दो दिन तक पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। चौबीस घंटे पुलिसकर्मी वहां मुस्तैद रहेंगे दो दिन बाद भी सुरक्षा के मद्देनजर परिस्थितियों के अनुसार अगली रणनीति बनाई जाएगी।
पुलिस हाई अलर्ट पर है और सभी जवान चौबीस घंटे सतर्कता से ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सावधानियां बरती जा रही हैं। पुलिस निरंकारी भवन के प्रबंधकों से संपर्क में है। - निलांबरी जगदले, एसएसपी यूटी।
मोहाली में निरंकारी भवन की सुरक्षा बढ़ाई
अमृतसर में निरंकारी भवन में हुए ब्लास्ट के बाद मोहाली स्थित निरंकारी भवन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। निरंकारी भवन के पास नाका लगाया गया है। जहां से गुजरने वाले हर वाहन और व्यक्ति पर नजर भी रखी जा रही है। इसके अलावा शहर में भी पुलिस की ओर से अलग-अलग जगहों पर नाके लगाए गए है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वह किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह संत निरंकारी भवन अमृतसर में सत्संग के दौरान ब्लास्ट हो गया। जिससे तीन लोगों की मौत और कई के घायल होने का समाचार है। अमृतसर में हादसे के तुरंत बाद शहर में भी पुलिस सतर्क हो गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल फेज-छह स्थित संत निरंकारी भवन की सुरक्षा के लिए पहुंच गया। साथ ही भवन के पास पुलिस की ओर से नाका भी लगाया गया है जहां से गुजरने वाले वाहन और व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही वाहनों के कागजात भी चेक किए जा रहे है। जिनके पास कागजात पूरे नहीं है उनके चालान भी काटे जा रहे है और वाहनों को इंपाउंड भी किया गया है।