चंडीगढ़। सेक्टर-41 स्थित कृष्णा मार्केट के प्रधान के 77 वर्षीय पिता की शुक्रवार सुबह पांच बजे कोरोना से मौत हो गई। परिवार के छह सदस्य भी संक्रमित हैं। सभी को सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला में क्वारंटीन किया गया है।
कृष्णा मार्केट के प्रधान ने बताया कि 31 जुलाई को पिता की तबीयत खराब थी। उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। 2 अगस्त को रिपोर्ट आई और उसके बाद टीम पिताजी को सेक्टर-48 स्थित हॉस्पिटल लेकर गई। वीरवार शाम से ही पिताजी की तबीयत खराब होने लगी। सुबह लगभग पांच बजे उनका देहांत हो गया। मार्केट प्रधान के साथ उनके दोनों बेटे, छोटे भाई की पत्नी व उनके दोनों बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें सूद धर्मशाला में भर्ती किया गया है। वहीं छोटे भाई व प्रधान की पत्नी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
10 दुकानदार भी संक्रमित
सेक्टर-41 कृष्णा मार्केट के 10 दुकानदार भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। टीम को जैसे ही जानकारी मिली तो सभी को घरों में क्वारंटीन कर दिया। वहीं उनकी दुकानें भी बंद करवा दी हैं। उनकी दुकान पर काम करने वाले लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है।
दुकानें बंद करने की सूचना पर हंगामा
कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद अतिक्रमण हटाने वाला दस्ता सेक्टर-41 मार्केट पहुंचा। वहां किसी ने सूचना दे दी कि टीम मार्केट बंद कराने आई है। उसके बाद दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। दुकानदारों ने वीडियो बनाने के साथ ही दुकानें बंद करने से इनकार कर दिया। मामला जोर पकड़ता देख उप-निरीक्षक अशोक राही मौके से निकल गए।