लाइन हाजिर होेने का ऑर्डर फ्लैश होने के चंद बाद ही सेक्टर-34 थाने के एसएचओ बलजीत सिंह ने मोहाली में फायरिंग के आरोपी सोनू शाह को गिरफ्तार कर मोहाली पुलिस को सौंप दिया। एसएचओ बलजीत सिंह को विभाग ने सोमवार शाम को लाइन हाजिर कर दिया था, लेकिन कुर्सी बचाने के लिए उन्होंने मैसेज फ्लैश होते ही तुरंत कार्रवाई कर दी और बुड़ैल निवासी सोनू शाह को काबू कर लिया। सोनू की गिरफ्तारी की थाने में डीडीआर भी दर्ज की गई।
सूत्रों के अनुसार सोनू शाह को सेक्टर-34 पुलिस ने कुछ दिन पहले भी हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे किसी दबाव के चलते छोड़ दिया था। मामले की जानकारी जब आला अफसरों तक पहुंची तो उन्होंने बलजीत सिंह के खिलाफ जांच शुरू कर दी। जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से सोमवार शाम को ऑर्डर जारी किए गए थे।
कुछ दिन पहले ही सेक्टर 34 पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुखजिंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया था। उन पर आरोप था कि वे भी वहां स्थित होटल वालों व लोगों से पैसे वसूलते थे।