चंडीगढ़। छठ पूजा की तैयारियों के चलते सेक्टर-26 फल एवं सब्जी मंडी में शुक्रवार को खूब रौनक रही। सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए श्रद्धालुओं ने दिनभर फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी की। केले के घौद, नारियल और गन्ने की सबसे ज्यादा मांग रही। इसके अलावा सेब, संतरा, मौसमी, अमरूद और नाशपाती भी खूब बिके।
पूजा में इस्तेमाल होने वाली अदरक, हल्दी और मूली की भी खरीदारी हुई। दुकानों और आढ़तियों के यहां सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कई परिवारों ने एक साथ पूजा का पूरा सामान खरीदा। ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं का आटा, गुड़ और घी की भी मांग रही। वहीं, पूजा सामग्री सजाने के लिए बांस के सूप और दउरा भी खरीदे गए।