चंडीगढ़। पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में पिता-पुत्र को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-22 सी निवासी विक्की वर्मा और उसके बेटे मुनीष वर्मा के रूप में हुई है। आरोपी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
शिकायतकर्ता सेक्टर-21 निवासी संदीप भल्ला ने सेक्टर-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आरोपी पिता-पुत्र ने 13-14 अक्तूबर की रात को उन पर जानलेवा हमला किया। वारदात एलांते में हुई बहस के बाद सेक्टर-22 में की गई। वह अपने दोस्त चैतन्य के साथ एलांते मॉल गए थे। वहां रात लगभग नौ बजे आरोपी विक्की ने उनके दोस्त चैतन्य से बदतमीजी की और उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद वह घर आ गए। फिर दोस्त चैतन्य को सेक्टर-22 सी में उसके घर छोड़ने पहुंचे। आरोप है कि वहां विक्की और उसके बेटे मुनीष ने फिर बदतमीजी करते हुए धमकाना शुरू कर दिया और स्टिक बैट से दोनों पर हमला कर जान से मारने की कोशिश की। दोनों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। वारदात की शिकायत पुलिस को दी गई। इस बीच आरोपी फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने कहा है कि हमले में उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है।