श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला के दूसरे पड़ाव का आगाज।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
होला मोहल्ला के दूसरे पड़ाव का आगाज शनिवार को श्री आनंदपुर साहिब की धरती से बोले सो निहाल के जयकारों के साथ हुआ। इस दौरान तख्त श्री केसगढ़ साहिब में एसजीपीसी की ओर से सरबत के भले के उद्देश्य से श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ करवाए गए। जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी रघुवीर सिंह ने अरदास की।
इसके बाद प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी गांव अगमपुर स्थित गुरुद्वारा श्री टिब्बा साहिब में निर्मल भेख उदासी के संत समाज के नेतृत्व में नगर कीर्तन सजाया गया। पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में निहंग सिंह संगठनों ने गतका के जौहर दिखाए। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने हाजिरी भरी और पुष्प वर्षा की।
नगर कीर्तन श्री केसगढ़ साहिब में जाकर समाप्त हुआ। होला मोहल्ला में पंजाब समेत देश के अलग-अलग राज्यों से लोग शामिल होने पहुंचे। श्री केसगढ़ साहिब के अलावा श्री आनंदपुर साहिब के विभिन्न गुरुद्वारों में संगत नतमस्तक हुई। हालांकि विरासत-ए-खालसा बंद होने के कारण संगत को काफी निराशा हुई।
29 मार्च को डाले जाएंगे भोग
होला मोहल्ला के दूसरे पड़ाव का आगाज करने के उपरांत सिंह साहिब ज्ञानी रघुवीर सिंह ने बताया कि श्री अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता के भोग 29 मार्च को डाले जाएंगे। 29 मार्च को 12 बजे तख्त श्री केसगढ़ साहिब जी से विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। साथ ही चरण गंगा स्टेडियम श्री आनंदपुर साहिब में निहंग सिंह घोड़ों की दौड़, गतका बाजी और तीरंदाजी जैसे जौहर दिखाएंगे।
संगत की सुरक्षा के लिए 4000 पुलिसकर्मी तैनात
होला मोहल्ला में श्रद्धालुओं की सुविधा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने मेला क्षेत्र को सेक्टर में बांट दिया है। लगभग चार हजार पुलिसकर्मी संगत की सुरक्षा में तैनात हैं। एसएसपी अखिल चौधरी ने बताया कि 125 के करीब सीसीटीवी हर समय संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेंगे ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।