फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शीतकालीन सत्र: स्वास्थ्य मंत्री विज का एलान- मस्कुलर डिस्ट्रॉफी के मरीजों को मिलेगी 2500 रुपये पेंशन

Tue, 27 Dec 2022 11:45 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि इसराना विधानसभा क्षेत्र की 11 सड़कों में से पांच सड़कों का कार्य जारी है। एक सड़क टेंडर प्रक्रिया में, दो सड़कें विधायक की 25 करोड़ रूपये की स्कीम के तहत बनेंगी।
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में डयूकेन मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी सहित दुर्लभ रोगों से पीड़ित रोगियों को 2500 रुपये प्रति माह पेंशन दी जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने विधानसभा में मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस बीमारी के मरीजों की संख्या 400 से 500 है। अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल ने प्रश्नकान में इस बीमारी से संबंधित सवाल पूछा था। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सहित कुछ राज्य डयूकेन मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी पीड़ितों को मासिक पेंशन दे रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुर्लभ रोगों की राष्ट्रीय नीति 2021 के तहत डयूकेन मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी सहित दुर्लभ रोगों से पीड़ित रोगियों को उत्कृष्ट केंद्रों में उपचार के लिए 50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। केंद्र सरकार ने इसके लिए 10 एक्सीलेंस सेंटर बनाए हैं। पीजीआई चंडीगढ़ भी उनमें शामिल है, पीड़ित यहां अपना इलाज करवा सकते हैं।

इसराना विधानसभा में 11 सड़कों का निर्माण जारी
प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि इसराना विधानसभा क्षेत्र की 11 सड़कों में से पांच सड़कों का कार्य जारी है। एक सड़क टेंडर प्रक्रिया में, दो सड़कें विधायक की 25 करोड़ रूपये की स्कीम के तहत बनेंगी। एक सड़क को नाबार्ड के तहत मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि विधायक सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजें। कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है। 
विज्ञापन


एक अन्य सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति बीपीएल कार्ड बनवाने से वंचित नहीं रहेगा। एडीसी को एफिडेविट देकर कोई भी व्यक्ति अपनी पात्रता में परिवर्तन करवा सकता है। एक मार्च 2022 के बाद 12,46,507 बीपीएल कार्ड जारी किए गए हैं।

रेशनलाइजेशन कमीशन होगा गठित: मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकारी विभागों में जरूरत के अनुसार पदों को तर्कसंगत बनाने के लिए राज्य में राशनलाइजेशन कमीशन गठित किया जाएगा। यह कमीशन हर विभाग में पदों की संख्या को राशनलाइज करेगा। इसके आधार पर जिस विभाग में जरूरत के हिसाब से अधिक पद होंगे, उनको कम किया जाएगा और जहां अधिक पदों की जरूरत होगी, वहां नए पद सृजित किए जाएंगे। पदों को लेकर आयोग लगातार समीक्षा करेगा और सरकार को भेजेगा।

निगम में भर्ती एक साल के लिए, पक्की भर्ती के बाद छोड़नी होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से अनुबंध आधार पर प्रारंभ में एक साल के लिए रोजगार दिया जाता है, यह कच्ची नौकरी है। हरियाणा लोक सेवा आयोग व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से नियमित भर्ती होने पर इन युवाओं को नौकरी छोड़नी होगी। 

एक और घोटाले की आशंका
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कर्मचारी पहले से आउटसोर्सिंग के तहत काम कर रहे हैं, उनका डाटा निगम पर पोर्ट किया गया है। इस दौरान मामला सामने आया है कि ठेकेदार ने कितने व्यक्तियों को रखा, कितनो को ज्वाइन करवाया और कितनों का डाटा निगम को दिया क्योंकि हजारों की संख्या में कर्मचारियों के नाम पर पहले वेतन तो लिया जाता रहा है लेकिन अब उनका डाटा नहीं मिल रहा है। वह इस मामले की जांच कराएंगे और अलगे सत्र में इसका सारा डाटा सदन में प्रस्तुत किया जा सके।
विज्ञापन

9 मोटे अनाजों से बने 25 पकवान, खीर, चाय, वेलकम ड्रिंक, हलवा से आवभगत 
हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को दोपहर भोज में मोटे अनाज से बने पकवान परोसे गए। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष, विधायकों और अफसरों ने रागी आटे की बर्फी और शकरकंदी के बने शूप के अलावा खीर, चाय, हलवा इत्यादि का खूब लुत्फ उठाया। नौ मोटे अनाजों से बने 25 पकवानों से माननीयों की आवभगत की गई। मोटे अनाज के स्नैक्स और चपाती की खूब मांग रही। 

यह दोपहर भोज कृषि मंत्री जेपी दलाल की ओर से दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने की मुहिम शुरू की है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने यहां प्रोत्साहित किया। सभी व्यंजन खेती विरासत मिशन की ओर से तैयार किए गए। व्यंजन बनाने वाली टीम का नेतृत्व मिशन के कार्यकारी निदेशक उमेंद्र दत्त और हैदराबाद के जाने-माने मिलेट्स शेफ रामबाबू ने किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया है। यह भारत के मोटे अनाजों के प्रचलित प्राचीन आहार को बढ़ावा देगा और इस प्रकार यह ‘आहार ही औषधि’ का काम भी करेगा। ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि मोटे अनाजों में प्रचुर मात्रा में पोषक तत्व होते हैं। ये मोटापा, शुगर और उच्च रक्तचाप इत्यादि समस्याओं से तो बचाते ही हैं, साथ में हार्मोनल संतुलन में भी काफी कारगर हैं। 

यह हमारी खेती-किसानी के लिए भी लाभकारी हैं। इस प्रयास के लिए कृषि एवं कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल का आभार व्यक्त करते हैं। मोटे अनाजों से पकवान बनाने के लिए उन्होंने खेती विरासत संस्था के प्रयास की भी सराहना की। खेती विरासत मिशन के कार्यकारी निदेशक उमेंद्र दत्त ने बताया कि आम लोगों को मिलेट्स के नाम पर सिर्फ बाजरा या रागी की जानकारी है। मिलेट्स लंच में शामिल पकवानों में अनेक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे।
 
मोटे अनाज के खाने में परोसे ये पकवान 
कुटकी शकरकंदी खीर, बाजरे की रोटी, हरी कंगनी, शकरकंदी शोरबा, स्वांक मूंग खिचड़ी, कोदरा मटर पुलाव, कंगनी प्रोबायोटिक चावल, कोदरा पत्ता गोभी बड़ा और बाजरा मेथी मूली रोटी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें