मनीमाजरा। रायपुर कलां-हरमिलाप नगर अंडरपास परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर वीरवार को प्रशासन ने जनसुनवाई बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सेंट्रल नवीन कुमार ने रायपुर कलां स्थित ई-संपर्क केंद्र में की।
स्थानीय लोगों से उनकी आपत्तियां और सुझाव सुने गए। बैठक में एरिया पार्षद व पूर्व डिप्टी मेयर हरजीत सिंह, तहसीलदार मक्खन, पटवारी राजेश कुमार और भाजपा नेता अनिल दुबे मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के लिए 0.74 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होना है। रायपुर कलां गांव की ओर से किसी भी भूमि मालिक ने आपत्ति दर्ज नहीं करवाई। इससे सेक्शन 15 की कार्रवाई पूरी हो गई है, अब प्रशासन जल्द सेक्शन 16 की प्रक्रिया शुरू करेगा। बैठक में जॉइंट एक्शन कमेटी फॉर वेलफेयर ऑफ बलटाना के अध्यक्ष प्रताप सिंह राणा, पार्षद हरजीत सिंह मिंटा, जीरकपुर और चंडीगढ़ भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रताप सिंह राणा ने प्रशासन पर देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह प्रक्रिया अप्रैल तक पूरी हो जानी चाहिए थी। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि कार्य को तेजी से पूरा किया जाए ताकि अंडरपास जल्द से जल्द बन सके।