चंडीगढ़। वकीलों और मुंशियों ने सोमवार को जिला अदालत परिसर में प्रवेश की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अदालत परिसर में जमकर नारेबाजी की। वकीलों ने कहा कि जब आरोपियों को अदालत में प्रवेश दिया जा रहा है, तो मुंशी व क्लाइंट्स को क्यों नहीं दिया जा रहा है। हालांकि उनकी मांगों को देखते हुए अदालत ने चेंबर तक मुंशियों और क्लाइंट्स को जाने की इजाजत दे दी।
वकीलों ने कहा कि जब नियम बनाया गया है तो यह सबके लिए बराबर होना चाहिए। मुंशी और क्लाइंट पूरा दिन अदालत के गेट पर खड़े रहते हैं। यह अन्याय है, इसे सहन नहीं किया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले भी वकील और मुंशी अदालत खुलने और प्रवेश की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। उनका कहना है कि हर जगह अदालतों में काम शुरू हो चुका है, केवल चंडीगढ़ में ही काम को शुरू नहीं किया गया है।