चंडीगढ़। दिन में प्रचंड गर्मी के बाद देर रात मौसम ने करवट ली। ट्राइसिटी में रात करीब 10.30 मिनट के बाद तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों की बिजली भी गुल हो गई और कई जगह पेड़ भी गिर गए। मौसम विभाग ने लोगों ने घर के अंदर रहने का आग्रह किया था। बिजली कड़कने की तेज आवाज आने लगी। दरअसल, पिछले एक सप्ताह से लगातार शहर का पारा बढ़ता जा रहा था। यहां तक की वीरवार को दिन में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के आंकड़ों में सुबह 9 बजे ही पारा 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका था। ऐसे में दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश भी बढ़ती गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी करीब 27 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि माैसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि वह बहुत ज्यादा दिन के लिए नहीं रहेगा। कुछ दिन बाद फिर से गर्मी बढ़ जाएगी। हालांकि इस साल अभी पिछले साल का रिकॉर्ड नहीं टूटा है। पिछले साल 18 मई को 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचा था। दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक शहर की सड़कों पर निकलने वालों की संख्या काफी कम रही। यहां तक की ट्रैफिक सिग्नल के दौरान बाइक और ऑटो में बैठे लोग काफी परेशान नजर आए।
पंचकूला में बारिश के बाद कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। इस दौरान बिजली विभाग की टीम शिकायत मिलने के बाद सभी जगह बिजली ठीक करने में जुट गई। बारिश के बाद भी तेज हवाएं चलती रहीं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले वाले दो दिन बारिश के आसार बने हुए हैं।