चंडीगढ़। शनिवार सुबह सेक्टर-17 बस स्टैंड के सामने सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने गौरव शर्मा की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरव कई मीटर उछलकर सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल और बिजली के खंभे से जा टकराए। इससे उनके सिर को गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक गौरव शर्मा गांव खुड्डा अलीशेर का निवासी था और सेक्टर-22 में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता था। शनिवार सुबह हमेशा की तरह वह दुकान खोलने जा रहा था लेकिन सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव को तुरंत जीएमएसएच-16 ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में तीन गाड़ियां संदिग्ध रूप से घटनास्थल के आसपास गुजरती दिखाई दी हैं। इनके नंबर और पहचान की कोशिश की जा रही है।