चंडीगढ़ सेक्टर-45 स्थित एक निजी स्कूल की आठवीं की छात्रा के साथ स्कूल वैन चालक की ओर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी वैन चालक रामदरबार फेस-1 निवासी राम ऋतु (49) के खिलाफ छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
दर्ज मामले के मुताबिक आरोपी चालक छात्रा को स्कूल वैन से घर आने-जाने के दौरान बैड टच करता था। बीते 14 अगस्त की सुबह स्कूल जाते समय आरोपी ने दोबारा छात्रा को बैड टच किया। इससे आहत छात्रा ने वैन से स्कूल जाने से मना कर दिया। मां के कई बार पूछने पर छात्रा ने आरोपी स्कूल वैन चालक की हरकत के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी।
यह भी पढ़ें: हैवानियत: अश्लील वीडियो बना विवाहिता से छह साल तक दुष्कर्म, संबंध बनाने से मना किया तो पति को भेज दी क्लिप
आठ साल से वैन से जा रही थी स्कूल
सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह आठ साल से स्कूल वैन से घर आती-जाती थी। बीते 14 अगस्त को सुबह 7:15 बजे वह वैन से स्कूल जा रही थी। इस दौरान आरोपी ने कहा कि वह अपने स्कूल से उस लड़की को ढूंढे जो पैसे लेकर किस देती है। छात्रा ने कहा कि उसे पढ़ना है, फिजूल की बातों के लिए समय नहीं है। इस पर आरोपी ने कहा कि वह उसे जल्दी घर छोड़ दिया करेगा ताकि पढ़ने का समय मिल जाएगा।
छात्रा की पॉकेट में डाला हाथ
इस दौरान आरोपी ने छात्रा की पॉकेट में हाथ डालकर पैसे निकालने के बहाने उसे गलत ढंग से छूने लगा तो उसने कहा कि उसके पास कोई पैसे नहीं हैं, जेब से हाथ बाहर निकालो। छात्रा के मुताबिक इससे पहले भी आरोपी वैन चालक ने उसकी स्कर्ट की जेब में पैसे तलाशने के बहाने हाथ डालते हुए उसे बैड टच किया था। हालांकि, तब छात्रा ने वैन चालक की हरकत के बारे में किसी को नहीं बताया था। आरोपी वैन चालक की ओर से दोबारा 14 अगस्त को फिर वही हरकत करने पर वह सहम गई और स्कूल जाने से इन्कार करने लगी। परिजनों से कहा कि वह वैन से स्कूल नहीं जाना चाहती। बार-बार मां के पूछने पर छात्रा ने बताया कि स्कूल वैन चालक उसके साथ गलत हरकत करता है।