चंडीगढ़। पानी बचाने और हरियाली बढ़ाने के लिए सेक्टर-18 स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को हाइड्रोपोनिक फार्मिंग की जानकारी दी जा रही है। इस तकनीक में बिना मिट्टी के पौधे उगाए जाते हैं। स्कूल में प्रोजेक्ट के माध्यम से बच्चों को पौधों की देखभाल और सीमित संसाधनों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रोजेक्ट में पानी का रियूज कर पौधे तैयार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि पानी को बेवजह बहाने के बजाय उसका दोबारा इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है। इसके साथ ही बच्चों को घर में कम जगह में सब्जियां और अन्य पौधे उगाने की जानकारी भी दी जा रही है।
स्कूल में तैयार पौधों को विद्यार्थियों के जन्मदिन पर उपहार के रूप में भी दिया जाता है। इससे बच्चों को पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही जल संरक्षण, गार्डनिंग और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।