चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी एससी-एसटी के छात्रों के परिवारों की आय निर्धारित कर उन्हें हॉस्टल के रूम रेंट से छुटकारा दिलाने की योजना बना रहा है। यह प्रस्ताव सिंडिकेट की बैठक में लाया जा रहा है। आय सीमा निर्धारण के बाद इन छात्रों को एडमिशन से लेकर कई सुविधाओं में लाभ मिलेगा। पिछले साल भी इस प्रक्रिया का पालन किया गया था।
कोरोना के कारण आम आदमी की आय में बड़ी गिरावट आई है। पिछले साल जैसे हालात इस बार नहीं हैं। तमाम लोग बेरोजगार भी हुए हैं। उन परिवारों के विद्यार्थी विश्वविद्यालय व कॉलेजों में एडमिशन लेंगे, लेकिन उनके पास पैसे का अभाव होगा। यह छात्र हॉस्टल आदि में रहेंगे। उसका भी किराया पीयू को देना होता था, लेकिन इस बार इन छात्रों को छूट मिलेगी। सूत्रों का कहना है कि 48 हजार सालाना आय वालों को छूट दी जाती थी, लेकिन इस बार यह रकम कम की जा सकती है। क्योंकि लोगों की आमदनी हुई ही नहीं। इस प्रक्रिया से पीयू व कॉलेजों में दाखिला लेने वाले सैकड़ों छात्रों को रूम रेंट में छूट मिल जाएगी। साथ ही अन्य सुविधाएं भी पीयू इन्हें दे सकता है। स्कॉलरशिप आदि भी इन्हें मिल सकती है। 14 जुलाई को पीयू इस प्रस्ताव पर मुहर लगाएगा।