चंडीगढ़। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक कर्मचारी से ऑनलाइन 1.06 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि उसकी फेसबुक पर एक विदेशी महिला से दोस्ती हुई थी। एयरपोर्ट पर कुछ माल छुड़ाने के लिए महिला ने युवक से मदद मांगी। उसके बाद युवक ने उसके खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 419, 420बी धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
सेक्टर- 42 सी के मकान नंबर- 2288 निवासी नेतराम मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर- 8 स्थित एसबीआई में काम करता है। फेसबुक पर उसकी दोस्ती यूके की स्टेला नाम की महिला से हुई थी। महिला से चैटिंग बढ़ी तो उसके बाद फोन पर भी बातचीत शुरू हो गई। उसने बताया कि वह कुछ लोगों की मदद करना चाहती है। इसलिए वह भारत आ रही है। 19 मई 2021 को भारत आई। उसने नेतराम के फोन पर फ्लाइट का टिकट भेजकर कहा कि उसके पास काफी कीमती सामान है। एयरपोर्ट पर कस्टम ऑफिसर ने उसे रोक लिया है। इसके लिए कस्टम फीस मांग रहे हैं। इसलिए उसे कुछ रुपये की जरूरत है। महिला ने एक खाता नंबर भी भेज दिया। महिला की बातों में आकर युवक ने रुपये उसके खाते में भेज दिए। उसके बाद महिला ने न फोन उठाया और मैसेज का जवाब दिया। कर्मचारी ने अपनेआप को ठगा महसूस कर पुलिस को शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।