भगवान शिव के प्रिय मास सावन में शिवालयों में हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। भगवान शिव के प्रति भक्तों में आस्था की डुबकी खूब लग रही है। स्थिति यह है कि देश ही नहीं विदेश से भी भक्त भगवान भोले के शृंगार और पूजा के लिए सेक्टर-30 स्थित शिव शक्ति मंदिर में फोन पर बुकिंग करा रहे हैं। अब बुकिंग फुल हो चुकी है। यह कहना है सेक्टर 30 स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित श्याम सुंदर शास्त्री का।
उन्होंने बताया कि ये भक्त कभी चंडीगढ़ में रहते थे। वे अब शहर से दूर चले गए हैं, लेकिन भगवान शिव के शृंगार और पूजा में शामिल होना नहीं भूले। हर साल पूजा के लिए ये लोग अपनी बुकिंग कराते हैं। पंडित श्याम सुंदर ने कहा कि कनाडा, अमेरिका, बर्लिन और ऑस्ट्रेलिया के अलावा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई, हिमाचल प्रदेश के मनाली सहित अन्य भागों में रहने वाले भगवान भोले के भक्तों ने शृंगार पूजा की बुकिंग कराई है। वे वीडियो कांफ्रेंसिंग के भोले बाबा की पूजा करेंगे।
सपना अब अमेरिका में रहती हैं। उन्होंने भी अपनी बुकिंग कराई है। मुंबई से एक भक्त पंकज अरोड़ा ने शिव शक्ति मंदिर में भगवान के शृंगार के लिए बुकिंग कराई है। पंकज अरोड़ा पहले चंडीगढ़ स्थित एक बैंक में सर्विस करते थे। अब वह मुंबई में एक बैंक में बड़े पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पिता के जन्मदिन पर शृंगार पूजा के लिए बुकिंग कराई है। जिन भक्तों ने विदेशों से अपनी बुकिंग कराई है वे सभी विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पूजा में शामिल होंगे। मंदिर के पुजारी पंडित श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि मंगलवार को शृंगार दर्शन विडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा कराया जाएगा।
हर रोज मेडिटेशन पूजा
भगवान के शृंगार के बाद हर रोज शाम को मेडिटेशन पूजा होती है। इस पूजा में किसी भी प्रकार का पूजा सामग्री नहीं होती। मन में धारण कर के ही सभी पूजन कार्य होते हैं।