इमनजोत ने चार विकेट लेकर पलटा मैच का रुख, अनमोलप्रीत का अर्धशतक और नमन धीर के 42 रन से 12.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट-2026 में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सौराष्ट्र को सात विकेट से हरा दिया। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गेंदबाज इमनजोत सिंह चहल और बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह व नमन धीर जीत के हीरो रहे। इस जीत से पंजाब की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।
टॉस जीतकर पंजाब ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआत में सौराष्ट्र के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर पंजाब पर दबाव बनाया, लेकिन मध्य ओवरों में इमनजोत सिंह चहल ने चार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। सौराष्ट्र की पूरी टीम 18 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। इमनजोत ने चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि सुखदीप बाजवा ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 12.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 145 रन बना लिए। अनमोलप्रीत सिंह ने 35 गेंदों में 52 रन बनाए। नमन धीर ने 16 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 42 रन ठोके, जबकि रामनदीप सिंह ने 12 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। शानदार गेंदबाजी के लिए इमनजोत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बॉक्स : बिहार से जीतना जरूरी, तभी मिलेगी सुपर-8 की टिकट
पंजाब का लीग चरण में बिहार के खिलाफ एक मुकाबला बाकी है। सुपर-8 में जगह पक्की करने के लिए पंजाब को यह मैच जीतना होगा। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने टीम और सहयोगी स्टाफ को सौराष्ट्र पर जीत की बधाई दी। उन्होंने इमनजोत की गेंदबाजी और टीम की फील्डिंग की सराहना की।