सत्ता का संग्राम में चर्चा कर रहे युवाओं का साफ कहना था कि यदि विकास होगा तो ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बेरोजगारी की समस्या कम होगी। ऐसा होता दिख नहीं रहा, तभी यहां का युवा विदेशों का रूख कर रहा है।
अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' सोमवार को पंजाब के लुधियाना पहुंचा। सुबह चाय पर चर्चा के बाद दोपहर में आईनिफ्ड परिसर में युवाओं के साथ चर्चा की गई। युवाओं ने इस दौरान ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
विज्ञापन
आईनिफ्ड के अरविंद गुप्ता एवं भाविक जैन ने कहा कि यदि पंजाब एवं लुधियाना का विकास होगा, तभी इंडस्ट्री प्रफुल्लित होगी, युवाओं के लिए संभावनाएं बढ़ेंगी। लेकिन हालत यह है कि इंडस्ट्री को ट्रेंड मैनपावर नहीं मिल रही और युवाओं को रोजगार। इस गैप को भरने की जरूरत है, ताकि युवाओं को रोजगार मिले। इसके अलावा नशे को हर हाल में खत्म करना होगा। आज हर जगह नशा उपलब्ध है और युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है।
वहीं युवाओं ने फ्री की राजनीति पर भी बेबाकी से राय रखी और कहा कि फ्री में कुछ भी देना सही नहीं है। देना है तो शिक्षा और रोजगार दिया जाए ताकि युवा आत्मनिर्भर बने।