चंडीगढ़ में इस बार कांग्रेस और आप गठबंधन में लड़ रहे हैं। गठबंधन ने मनीष तिवारी को बतौर प्रत्याशी मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने इस बार संजय टंडन को टिकट दिया है। भाजपा की किरण खेर यहां से दो बार चुनाव जीत चुकी हैं।
चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव के अंतिम पड़ाव में मतदान होगा। एक जून को होने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। ऐसे में अमर उजाला की टीम ने चंडीगढ़ में युवाओं से बात की।
विज्ञापन
सुबह चाय पर चर्चा के बाद दोपहर में पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के स्टूडेंट सेंटर में युवाओं के साथ चर्चा की गई। युवाओं ने इस दौरान ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
छात्रा सारा ने सरकार की ओर से शिक्षा के निजीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी में आ रहे सभी नए कोर्सों की फीस बहुत अधिक है। आधे से ज्यादा कर्मचारी ठेके पर कार्यरत हैं। छात्र संदीप ने देश में हो रही धर्म की राजनीति को गलत ठहराया और पिछड़े और कमजोर वर्ग के लिए रोजगार के अवसर की मांग की। श्रेया ने पिछले वर्षों में हुए डिजिटलीकरण और स्टार्टअप हब को मिल रहे बढ़ावे को रोजगार के लिए अहम बताया और राष्ट्रवाद के हित में वोट देने की बात कही।