अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चंडीगढ़ में सुबह चाय पर चर्चा करते हुए मतदाताओं से बातचीत हुई।
विज्ञापन
अमर उजाला की तरफ से सेक्टर 26 के बापूधाम में चाय पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें स्थानीय लोगों ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। लोगों ने कहा कि पिछले 10 सालों में शहर की सांसद किरण खेर ने जो वादे किए थे, उनमें से अधिकतर पूरे नहीं किए। जबकि कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा ने सड़के बनवाई हैं और कई काम भी कराए हैं। लोगों ने बेरोजगारी, पानी की समस्या, राम मंदिर समेत कई मुद्दों पर बेबाकी से बात रखी।
शीशपाल ने पिछले 10 साल में भाजपा की ओर से कोई काम न कराए जाने की बात कही और कहा कि सीएचबी के मकानों के मालिकाना हक जैसे मुद्दे कई साल से अटके पड़े हैं। वहीं, राज किशोर ने शहर को रोजगार की दृष्टि से आईटी हब बनाने के भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन के विजन पर उम्मीद जताई। शहरवासी क्रांति शुक्ला ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध न होने की बात कही। उन्होंने कहा कि अभी तक लोगों को 24 घंटे पानी नहीं मिल पाया है लेकिन दाम चार गुना तक बढ़ गए हैं। कूड़े के पैसे, बिजली का निजीकरण कर, बेरोजगारी से आम आदमी परेशान है।