अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' रविवार को पंजाब के पटियाला लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पटियाला लोकसभा क्षेत्र में लोगों से चाय पर चर्चा की गई। पटियाला लोकसबा सीट के अंतर्गत कुल 9 विधानसभा की सीटें आती हैं। जिनमें नाभा, पटियाला रूरल, राजपुरा, डेरा बस्सी, घनौर, सनौर, पटियाला, सामाना और शुतराना शामिल है। नाभा और शुतराना की सीटें एससी समुदाय के लोगों के लिए आरक्षित है। 2019 में इस सीट से परनीत कौर कांग्रेस के टिकट पर चुनकर लोकसभा पहुंची थी।
पटियाला सीट पर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल का कड़ा मुकाबला रहता है। 1999 से लगातार इस सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा है। 2014 में आम आदमी पार्टी से धरम वीर गांधी सांसद चुने गए थे। उसके बाद फिर से 2019 में परनीत कौर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट पर सांसद चुनी गई।
अमर उजाला के सत्ता का संग्राम कार्यक्रम में मतदाओं ने कहा कि इस बार राष्ट्रहित को वोट दिया जाएगा। कहा कि जो देश की बात करेगा वोट उसको दिया जाएगा। वहीं, एक मतदाता ने कहा कि पटियाला में मोती महल का दबदबा रहेगा।