सतलोक आश्रम में रामपाल जो खाना भगवान का प्रसाद कहकर लोगों को खिलाता था, वह नीलाम हो गया। करीब साढ़े चार सौ से 500 लोग आश्रम में खरीददार बनकर पहुंचे। जिला प्रशासन को इतने लोगों के पहुंचने की उम्मीद भी नहीं थी।
इतने अधिक लोगों के पहुंचने के चलते पांच सदस्यीय कमेटी अफरा-तफरी मच गई। बोली का समय सुबह 11 बजे दिया गया था। खरीददारों की संख्या अधिक होने के कारण कमेटी ने तुरंत 50 हजार रुपये की सिक्योरिटी जमा करवाने पर बोली में हिस्सा लेने का ऐलान कर दिया। बिना सिक्योरिटी दिए बोली में हिस्सा लेने आए सैकड़ों लोग निराशा लेकर वापस चले गए। सामान की 117 व्यापारियों ने सिक्योरिटी राशि जमा करवाकर बोली लगाई। बोली दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हो पाई और शाम छह बजे खत्म हुई।
बोली देने वालों में हुई गर्मागर्मी भी
जिन 117 लोगों ने बोली में भाग लिया, पहले उन्हें दस-दस लोगों का ग्रुप बनाकर सामान दिखाया गया। उन्हें फिर गेट पर बुला लिया। बोली देने वाले लोग जमीन पर ही आश्रम के गेट के अंदर बैठ गए। इसके बाद किसी को अंदर नहीं जाने दिया। व्यापारियों ने एक-दूसरे से बढ़-चढ़कर बोली लगाई। कई बार व्यापारियों में बोली छुड़वाने के लिए गर्मागर्मी भी हुई।
दूसरे जिलों से भी माल खरीदने पहुंचे व्यापारी
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बरवाला प्रशांत अटकान की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पांच सदस्यीय समिति द्वारा सतलोक आश्रम सर्च अभियान के दौरान बरामद की गई खाद्य सामग्री की खुली बोली हुई। एसडीएम ने बताया कि दूसरे जिलों के व्यापारियों ने भी भाग लिया। इसमें जींद, नरवाना, बरवाला, हांसी, हिसार, आदमपुर सहित आसपास के क्षेत्र के व्यापारियों ने भाग लिया।
इन सामानों की हुई नीलामी
एसडीएम अटकान ने बताया कि 519 टीन आईपीएल डेयरी फ्रेश घी (प्रति टीन 15 किलोग्राम) की बोली 2500 रुपये से शुरू होकर 3120 प्रति टीन पर खत्म हुई।
60 टीन वनस्पति घी की बोली 400 रुपये से शुरू होकर 705 रुपये पर खत्म हुई, जबकि 99 कार्टन सरसों का तेल (12 बोतल का प्रति कार्टन) 250 रुपये से शुरू होकर 600 प्रति कार्टन खत्म हुई।
186 कार्टन बिस्कुट पारले जी ब्रांड (144 पैकेट प्रति कार्टन) की बोली 250 रुपये से शुरू होकर 400 रुपये पर खत्म हुई, जबकि 45 कैन सोयाबीन रिफाइंड तेल जैमीनी (15 लीटर प्रति कैन) की 500 रुपये से शुरू होकर 710 रुपये पर खत्म हुई।
154 कट्टे मिल्क पाऊडर (25 पैकेट प्रति कट्टा, एक पैकेट एक किलोग्राम) की बोली 50 रुपये प्रति पैकेट से शुरू होकर 90 रुपये प्रति पैकेट पर खत्म हुई, 8 कट्टे सौंफ साबुत 40 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 58 प्रति किलोग्राम, 6 कट्टे बासमती चावल (चार पैकेट प्रति कट्टा) की बोली 25 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 42 रुपये प्रति किलोग्राम, 35 कट्टे बड़ी सोयाबीन (120 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 25 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 30 रुपये प्रति किलोग्राम और 37 कट्टे चायपत्ती (25 किलोग्राम प्रति कट्टे) की बोली 100 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 120 रुपये प्रति किलोग्राम पर खत्म हुई।
10 रुपये किलो आटा बिका, 46 रुपये दाल
इसी प्रकार 620 कट्टे चीनी (50 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 18 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 36 रुपये प्रति किलोग्राम, 67 कट्टे चना (50 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 10 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 25 रुपये प्रति किलोग्राम, 3 कट्टे अरहर (50 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 25 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 32 रुपये प्रति किलोग्राम, 22 कट्टे दाल अरहर (30 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 20 रुपये प्रति किलोग्राम से 40 रुपये प्रति किलोग्राम, 80 कट्टे दाल मसूर (30 किलोग्राम प्रति कट्टा) की 25 रूपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, 40 कट्टे दाल मूंग छिलका (30 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 30 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 46 रुपये प्रति किलोग्राम, 10 कट्टे दाल चना (50 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 15 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 28 रुपये प्रति किलोग्राम पर खत्म हुई।
काफी सस्ता नीलाम हुआ सामान
60 कट्टे दाल मूंग धूली दाल (30 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली 30 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, 55 बैग बेसन की बोली 10 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 15 रुपये प्रति किलोग्राम, हल्दी के 19 बैग की बोली 40 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, 33 बैग काबली चना (30 किलोग्राम प्रति बैग) की बोली 15 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 27 रुपये प्रति किलोग्राम, 6 बैग राई साबुत (50 किलोग्राम प्रति बैग) की बोली 30 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 57 रुपये प्रति किलोग्राम, छह पैकेट कसूरी मेथी की बोली 20 रुपये प्रति पैकेट से शुरू होकर 25 रुपये प्रति पैकेट, 270 बैग मरीना चावल (25 किलोग्राम प्रति कट्टे) की बोली 15 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 27 रुपये प्रति किलोग्राम तथा 400 से 600 कट्टे आटा (50 किलोग्राम प्रति कट्टा) की बोली एक रुपये 25 पैसे प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 10 रुपये प्रति किलोग्राम पर खत्म हुई। उन्होंने कहा कि बोली में भाग लेने वाले व्यापारियों से 50 हजार रुपये सिक्योरिटी राशि के तौर पर जमा करवाई। बोली की कीमत का ड्राफ्ट उपमंडल अधिकारी नागरिक बरवाला के नाम जमा करवाना होगा।
दो दिन में उठाना होगा सामान
कमेटी सदस्यों ने बोली छुड़वाने वाले व्यापारियों को दो दिन के अंदर सामान उठाने की बात कही है। बोली करवाने वाली कमेटी में एसडीएम के अतिरिक्त, एएफएसओ बरवाला, बीडीपीओ बरवाला, थाना प्रबंधक बरवाला और रामपाल के अधिवक्ता शामिल थे।