आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि चार माह में ही कांग्रेस हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। सूबे में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है। भ्रष्टाचार, लूट खसोट बढ़ रही है, लेकिन सरकार का स्थितियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। संजय सिंह पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया की ओर से दायर मानहानि के मामले में यहां बुधवार को अदालत में पेश हुए।
अदालत में पेशी के बाद संजय सिंह ने बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि कैप्टन सरकार बिल्कुल फेल साबित हुई है। यह न तो किसानों का कर्ज माफ कर सकी, न ही युवाओं को रोजगार दे सकी। राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत बदतर होती जा रही है। पादरी हत्याकांड इसका ताजा प्रमाण है। पूर्व के वर्षों की तरह ही आज भी सूबे में धार्मिक नेताओं को निशाना बनाया जाना जारी है।
यह अमरिंदर सिंह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह केवल ईनामों का ऐलान करने की बजाए असल दोषियों को गिरफ्तार कर राज्य में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बहाल करे। यदि ऐसा हो तो ही ऐसे तत्व पूर्व सरकार की तरह पंजाब को फिर से आग में झौंकने की साजिश न रचें, लेकिन राणा गुरजीत का माइनिंग कांड व पादरी हत्याकांड से साफ है कि अमरिंदर सरकार भी पूर्व बादल सरकार के नक्शे-कदम पर चल रही है। आप इनका पूर्व में भी विरोध कर रही थी और आगे भी विरोध करती रहेगी।
संजय सिंह ने कहा कि आज नवजोत सिंह सिद्धू भ्रष्टाचार पर क्यों नहीं बोल रहे। पूर्व में हुए भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करना अच्छी बात है, लेकिन केवल बयान देने की बजाए उन्हें कदम उठाने चाहिए। अब तो उनकी अपनी सरकार है, उनका हाथ किसने रोका है? इस अवसर पर सर्बजीत कौर माणुके, हरजोत बैंस, दलजीत सिंह, बलदेव सिंह मौजूद रहे।