क्वारंटीन महिलाओं की मदद को आगे आए युवा।
चंडीगढ़ के युवाओं ने कोरोना को हराने की ठान लिया है। अब वह क्वारंटीन महिलाओं की मदद को आगे आए हैं। इन युवाओं ने सेक्टर- 45 व बुड़ैल में क्वारंटीन महिलाओं के लिए कुछ पैकेट तैयार किए हैं। जिसमें सैनेटरी नैपकिन, साबुन व सैनिटाइजर रखा है। युवाओं ने ऐसे 1200 पैकेट एरिया मजिस्ट्रेट के भंडारी को सौंपे।
स्वरमनी फाउंडेशन के संस्थापक रोहित कुमार ने बताया कि सेक्टर- 45 व बुड़ैल भी अब बापूधाम की तरह हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। ऐसे में हमारी टीम के सदस्य अनामिका, हरप्रीत, जसदीप, मोहम्मद अमजद, प्रवीण, कुलजीत ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर समस्या जानी। इस दौरान लोगों ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर उन्हें काफी समस्या आ रही है। क्वारंटीन होने के बाद जरूरी चीजें उन तक नहीं पहुंच पा रहीं हैं।
उसके बाद सभी ने निर्णय लिया कि महिलाओं के लिए सैनेटरी नैपकिन, साबुन, सैनिटाइजर के साथ ही अन्य जरूरी सामान का पैकेट बनाकर देंगे। इसके लिए लोगों से सहयोग की अपील की। कुछ लोगों ने सहयोग किया और कुछ अपने कार्यक्रम के बचे हुए फंड से सामान खरीदा और पैकेट बनाये। एरिया मजिस्ट्रेट को 1200 पैकेट सौंपकर आगे भी मदद का आश्वासन दिया। रोहित का कहना है कि 2500 पैकेट अभी तैयार करके रखे हैं।
देखें- वीडियो: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-
बेहतर स्वास्थ्य के लिए भेजे विशिंग कार्ड
रोहित ने बताया कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर भी हम लोग सचेत हैं। कोरोना के कारण संक्रमित मरीजों के प्रति लोगों में नकारात्मकता बढ़ रही है। इसलिए हमने कुछ कार्ड तैयार किए हैं। जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें जो सावधानियां बरतने को कहा गया है, इसकी भी जानकारी दी गई है। हर पैकेट के साथ यह कार्ड लोगों तक पहुंचेगा।