चंडीगढ़। जूनियर महिला कोच से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ जिला अदालत में सुनवाई हुई। संदीप सिंह के वकील सिद्धार्थ पंडित और सिद्धांत पंडित ने अदालत को बताया कि इस मामले में संदीप सिंह को फंसाया गया है। आरोपमुक्त होने के लिए वह अदालत में डिस्चार्ज एप्लीकेशन दायर करेेंगे। इसके लिए उन्हें कुछ समय दिया जाए। अदालत ने इस मामले में अगली तारीख चार मई तय की है। संदीप सिंह के वकील अगली तारीख पर अदालत में डिस्चार्ज एप्लीकेशन दायर करेंगे। बता दें कि 26 दिसंबर 2022 को जूनियर महिला कोच ने संदीप सिंह के खिलाफ यौन-उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों की चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी थी। जांच के बाद सेक्टर-26 थाने में संदीप सिंह के खिलाफ 31 दिसंबर को आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।