चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित शमशान घाट में बने लॉकर से अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रवि वर्मा ने बताया कि वह कैंबवाला निवासी हैं। बीते 21 अगस्त को उनकी माता का देहांत हुआ था। जिनकी अस्थियां उन्होंने श्मशान घाट के लॉकर में रखा हुआ था। बुधवार को उन्हें हरिद्वार अस्थियां विसर्जित करने के लिए जाना था। उनकी बहन व अन्य पारिवारिक लोग आए हुए थे। परिवार के साथ सेक्टर 25 शमशान घाट में अस्थियां लेने के लिए पहुंचे तो उन्होंने वहां के कर्मचारी को लॉकर खोलने के लिए कहा, जब लॉकर नंबर-9 खोला गया तो उसके अंदर उनकी माता की अस्थियां गायब थीं, जिसे देखकर वह हैरान रह गए।
इस संबंध में उन्होंने शमशान घाट में तैनात कर्मियों से पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शमशान घाट में तैनात कर्मियों ने उन्हें भरोसा जताते कहा कि उनकी मां की अस्थियां 6 नंबर लॉकर वाले ले गए हैं, जो कि उन्हें वापस कर दी जाएंगी, लेकिन जब परिवार वालों ने 6 नंबर लॉकर वालों से बात की तो उन्होंने इस बात से इंकार किया कि वह तो अपने किसी पारिवारिक सदस्य की अस्थियां लेकर गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने अपनी मां की अस्थियां रखते समय उस पर नाम के साथ कुछ निशानियां लगाई थीं ताकि पता लगे कि वह उनकी माता की अस्थियां हैं। काफी खोजबीन के बाद जब अस्थियां नहीं मिली तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।