चंडीगढ़। मलोया स्थित फौजी एंक्लेव के पास विवाद के चलते चार-पांच युवकों ने एक निजी कंपनी के सीनियर सेल्स मैनेजर पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खरड़ निवासी घायल वीरेंद्र कुमार को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मलोया थाना पुलिस ने शिवम राणा, अशरफ, राम कुमार समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह खरड़ के जीटीबी नगर स्थित मानव एंक्लेव का निवासी है। वह एक निजी कंपनी में सीनियर सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनका मलोया में इंटीरियर डिजाइनिंग का काम चल रहा था। आरोप है कि 27 अगस्त को उक्त आरोपी किसी बात को लेकर उनसे उलझ पड़े। मामला इस कदर बिगड़ा कि उक्त आरोपियों ने वीरेंद्र कुमार की पिटाई करके बुरी तरह से जख्मी कर दिया। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत पर पुलिस जांच के बाद अब मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि उक्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।