शहर के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले 400 गेस्ट शिक्षकों को चंडीगढ़ प्रशासन ने वेतन बढ़ोतरी का खास तोहफा दिया। गेस्ट शिक्षकों के वेतन में दो गुणा से अधिक का इजाफा करने के आदेश संबंधी फाइल को प्रशासन के सलाकार ने अप्रूवल दे दी है।
इसी हफ्ते वेतन बढ़ाने संबधी शिक्षा विभाग द्वारा नोटिस जारी कर दिया जाएगा। वेतन बढ़ने की खबर के बाद शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
काफी लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही थी। गेस्ट शिक्षकों को नया वेतनमान 20 अक्तूबर 2014 से मिलेगा। शिक्षा विभाग में गेस्ट जेबीटी का वेतनमान 15 हजार से बढ़ाकर 31 हजार कर दिया गया है।
शिक्षकों की प्रमोशनल पर लगी मुहर
स्कूल लेक्चरर पद की प्रमोशन के कारण निकाले गए कांट्रेक्ट और गेस्ट टीचर्स को विभाग ने टीजीटी पद पर दोबारा से नियुक्ति दे दी थी। जानकारी अनुसार करीब 70 शिक्षकों का वेतनमान भी 14,500 से बढ़ाकर 35,100 करने का फैसला लिया गया है।
मंगलवार को शिक्षा विभाग की डिपार्टमेंटल प्रमोशनल कमेटी(डीपीसी) बैठक में करीब 100 जेबीटी को टीजीटी बनाने पर मुहर लगा दी गई है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सेक्रेटरी रणबीर सिंह राणा ने बताया कि डीपीआई ने इसी हफ्ते प्रमोशन लिस्ट जारी करने का आश्वासन दिया है।
उधर डीपीआई कमलेश कुमार ने कहा कि 300 जेबीटी शिक्षकों की प्रमोशन की जानी है, लेकिन पूरी प्रक्रिया में अभी कुछ समय लग सकता है।
गेस्ट टीचर्स के वेतन में कितनी बढ़ोतरी
पद--------पहले--------नया वेतन
जेबीटी-----15,000-----31,000
टीजीटी-----18,000----35,100
पीजीटी-----20,000----38,600