साध्वी से यौन शोषण के मामले में फंसे डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल कर साध्वी की लिखावट की जांच अपने स्तर पर कराने की मांग की है।
हाईकोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई चार अगस्त को होगी।
डेरा प्रमुख का कहना है कि जिस साध्वी के यौन शोषण का आरोप उन पर लगा है, उस साध्वी ने डेरे में उनके नाम एक पत्र छोड़ा था
उनके मुताबिक पत्र में साध्वी ने उसे पिता केतौर पर संबोधित करते हुए शादी कराने के लिए डेरा छोड़ने की बात कही थी।
डेरा प्रमुख केवकील ने हाईकोर्ट से कहा है कि साध्वी के हस्ताक्षर सीबीआई कोर्ट ने ट्रायल के दौरान लिए थे, लिहाजा साध्वी के हस्ताक्षर और पत्र में लिखावट की जांच उसे अपने स्तर पर कराने की छूट दी जाए।
इससे पहले डेरा प्रमुख ने इसी लिखावट की जांच सरकारी लैब से कराने की मांग की थी। जांच का आदेश हुआ था, लेकिन सीएफएसएल चंडीगढ़ ने कहा था कि जांच के लिए पर्याप्त सामग्री नहीं है।
सीबीआई ट्रायल कोर्ट में भी यही मांग की गई थी, लेकिन वहां से कहा गया था कि राम रहीम अपने स्तर पर जांच करवा लें, लेकिन सरकारी जांच की बात सिरे नहीं चढ़ने के बाद अब हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर अपने स्तर पर जांच कराने की छूट मांगी गई है।