साधु सिंह धर्मसोत ने नवजोत सिद्धू पर साधा निशाना।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के मौके पर नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रति जो तेवर दिखाए थे, उसका विरोध बढ़ने लगा है। शनिवार को विधायक राजकुमार वेरका के बयान के बाद सोमवार को प्रदेश के वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने भी नवजोत सिद्धू के व्यवहार की जमकर आलोचना की।
धर्मसोत ने एक बयान में कहा कि कैप्टन की क्षमता के बारे में किसी को गलतफहमी नहीं रहनी चाहिए। कांग्रेस आज पंजाब में सिर्फ कैप्टन अमरिंदर सिंह की वजह से जिंदा है। पहले 2002 में और अब 2017 में, राज्य में कांग्रेस की सरकार अगर बनी है, तो यह केवल कैप्टन की वजह से।
धर्मसोत ने ताजपोशी समारोह के दौरान नवजोत सिद्धू द्वारा कैप्टन के साथ किए गए दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि सिद्धू को अपने पद की शालीनता का पालन करना चाहिए और ध्यान रखना चाहिए कि कैप्टन अब भी पंजाब में कांग्रेस के कप्तान हैं। अगर भविष्य में वे कैप्टन को फिर कभी नजरअंदाज करने या दुर्व्यवहार करने की कोशिश करेंगे तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।