चंडीगढ़। सेक्टर 42 स्थित एक घर से पर्स चोरी कर भाग रहे युवक को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी का पर्स और एक मोबाइल बरामद हुआ है। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने अटावा निवासी 20 वर्षीय दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलविंदर सिंह ने बताया कि वह सेक्टर 42बी स्थित मकान नंबर 1467 में रहते हैं। बीते बुधवार रात करीब 8 बजे वह दफ्तर से अपने घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घर के बालकनी में शोर सुना। बाहर निकलकर देखने पर एक युवक वहां से पर्स लेकर भाग रहा था। शोर-शराबे के बाद परिजनों की मदद से उन्होंने युवक को कुछ दूरी पर दबोच लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान अटावा के रहने वाले दीपक के रूप में हुई।
पुलिस जांच में आरोपी के कब्जे से पर्स समेत एक मोबाइल भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि 24 जुलाई को सेक्टर 35सी के एक घर से मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ सेक्टर 34 थाने में पहले भी चोरी के तहत मामला दर्ज है।