अफवाह फैलने के बाद कम्युनिटी सेंटर की तरफ जाते लोग।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। यूटी प्रशासन की तरफ से रोजाना सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर के विभिन्न हिस्सों में रोजाना इन नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला सेक्टर-49 के ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का है, जहां बुधवार को फ्री राशन बांटने की अफवाह फैली तो सैकड़ों लोग सड़कों पर एक साथ आ गए। लोग सेक्टर-49 के कम्युनिटी सेंटर की तरफ भागे जहां पर फ्री राशन मिलने की बात फैली थी। हालांकि वहां पहुंचने पर लोगों को बताया गया कि यह महज अफवाह थी और फ्री राशन नहीं मिल रहा था। शहर में कर्फ्यू लगा है और लगातार प्रशासन की तरफ से इसका पालन करने की अपील की जा रही है।
बावजूद इसके लोग घरों में नहीं रुक रहे हैं। बाइक और कार से सड़कों पर नजर आ रहे हैं। शहर के पेरी-फेरी में तो स्थिति ज्यादा खराब है। इसके अलावा गरीब और भूखे को खाना बांटने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है।
मंगलवार को भी लग गई थी भीड़
गौरतलब है कि प्रशासन की तरफ से मंगलवार को धनास के पुनर्वास कॉलोनी में भी खाना देने के लिए प्रशासन की गाड़ी आई तो लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने भी अपनी ड्यूटी ठीक नहीं की और लोगों को एकत्रित होने दिया।