किशन लाल शर्मा भाजपा प्रदेश महासचिव राकेश राठौर का दाहिना हाथ हैं। गांधी संकल्प यात्रा में कालिया समर्थकों की भारी भीड़ थी। किशनलाल की जैसे ही कालिया से तल्खी हुई तो विरोध में समर्थकों ने कालिया के हक में नारेबाजी की। किशन लाल शर्मा को हाल ही में भाजपा में दोबारा शामिल किया गया है। उन्हें पंजाब भाजपा के जनरल सेक्रेटरी राकेश राठौर ही पार्टी में लाए हैं।
2016 में पार्टी के ही कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाने वाले शर्मा को तब प्रधान रमेश शर्मा ने पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। किशन लाल शर्मा ने तब भी कालिया पर खुलेआम वार किए थे। शनिवार को तो मामला काफी बढ़ गया। वहीं शाम ढलते ही किशन लाल शर्मा पार्टी के अनुशासन की पटरी पर आ गए। उन्होंने साफ कहा कि मेरे साथ कोई बात नहीं हुई, मेरा कोई मामला ही नहीं था। वहीं घटनास्थल पर अकाली पार्षद बलवीर बिट्टू व विक्की तुलसी के साथ बहसबाजी भी हुई व धक्के मारे गए।
भाजपा नेता ने लगाया पगड़ी उतारने का आरोप
रामा मंडी में हंगामे के दौरान भाजपा नेता मंगा ने इस बात को लेकर हंगामा कर दिया कि उसकी पगड़ी को हाथ डाला गया और उतारी गई है। मंगा मनोरंजन कालिया के करीबी हैं और दूसरी तरफ जिन पर आरोप लगाया जा रहा है वह राकेश राठौर के।
पार्टी की फजीहत को लेकर हाईकमान ने साधी चुप्पी
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में मारपीट और धक्का-मुक्की की वीडियो वायरल हो रही थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रमन पब्बी ने कहा कि यह पार्टी वर्करों का उत्साह है। पार्टी वर्करों में नारेबाजी को लेकर तल्खी हुई थी लेकिन यह गलत है कि वहां पर मारपीट और धक्का-मुक्की हुई।