आरएसएस पदाधिकारी रविंदर गोसाईं की हत्या की जांच पंजाब सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के हवाले कर दी है। इसके अलावा परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद और एक सदस्य को नौकरी देने का भी एलान किया गया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह फैसला वीरवार को आरएसएस के नेताओं से मुलाकात के बाद लिया।
आरएसएस नेता यश गिरि ने बताया कि वीरवार को आरएसएस नार्थ जोन के इंचार्ज रामेश्वर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात करने पहुंचा। उन्होंने सीएम से मांग की कि गोसाईं हत्याकांड की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी से कराई जाए।
इसके साथ परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी दी जाए। इसके बाद कैप्टन ने मामले की जांच एनआईए को सौंप दी। हालांकि पुलिस कमिश्नर आरएन ढोके ने कहा कि अभी उनके पास इस बाबत कोई अधिकारिक पत्र नहीं आया है।