बैंकों व एटीएम के बाहर कम भीड़ रही
- फोटो : अमर उजाला
पुराने नोटों को बदलवाने के लिए लगी लंबी- लंबी लाइनों में शनिवार को कुछ अब कमी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि भीड़ में कमी इसलिए भी है कि क्योंकि शनिवार को सिर्फ सीनियर सिटीजंस के ही पैसे बदले गए। ब्याह शादियों के लिए अब बैंकों केपास भी आरबीआई की नोटिफिकेशन पहुंच गई है, जिसके बाद बैंकों ने शादी के लिए लोगों को 2.5 लाख रुपये देने शुरू कर दिए हैं।
शनिवार को एटीएम से पांच सौ के नोट भी निकलने शुरू हो गए है। कई लोगों के हाथों में पांच सौ का नया नोट देखा गया। सेक्टर 17 में स्थित आंध्रा बैैंक के एजीएम अरुण खन्ना ने बताया कि सरकार का अंगुलियों पर स्याही लगाने वाला कदम कारगर साबित हुआ है। क्योंकि ज्यादातर शिकायतें इस तरह की मिल रही थीं कि कुछ लोग एक बैैंक से दूसरे बैैंक होते हुए नोट चेंज करवा रहे थे। जिससे बैंकों में भीड़ बढ़ा रहे थे। लेकिन स्याही लगने के फैसले के बाद भीड़ 70 फीसदी तक कमी आई है।
एसबीआई सेक्टर 17 ब्रांच में तैनात एजीएम जे एम खन्ना ने बताया कि बैंक को नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से शादी वाले खाताधारकों को 2.5 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन में एसबीआई सेक्टर 17 ब्रांच से 15-20 लोगों को शादी के लिए 2.5 -2.5 लाख रुपये दिए गए हैं। वही, बैंक ऑफ बड़ोदा के एजीएम रमेश बशर ने भी बताया कि शादी का कार्ड व अंडरटेकिंग देकर अपने खाते से 2.5 लाख रुपये निकाल सकते हैं।