17 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले रोज फेस्टिवल की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। पहली बार नवविवाहित कपल के बीच प्रतियोगिता करवाई जाएगी। पहले नगर निगम ने प्रस्ताव बनाया था कि प्रतियोगिता को जीतने वाले कपल को गोवा के टूर पर भेजा जाएगा, लेकिन अब नगर निगम ने निर्णय लिया है कि कपल को यूरोप टूर पर भेजा जाएगा। नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था का कहना है कि इस प्रतियोगिता के लिए आयोजकों से बात की जा रही है।
हेलीकाप्टर उड़ाने के लिए आज फाइनल होगी कंपनी
रोज फेस्टिवल में हेलीकाप्टर से सैर कराने के लिए तीन कंपनियाें ने इच्छा जताई है। इनकी प्रजेंटेशन बुधवार को कमिश्नर को दी जाएगी। इसके बाद जिसका किराया सबसे कम और जो नगर निगम को भी कमाई देगा उस कंपनी को फाइनल किया जाएगा। इसके बाद एयरफोर्स से हवाई जहाज उड़ाने की मंजूरी ली जाएगी। बंगलूरू बेस ग्रीन हॉक सल्यूशनल प्राइवेट लिमिटेड, एस्सार एविएशन और पिनेकल एयर प्राइवेट लिमिटेड ने फेस्टिवल में छह सीटर हेलीकाप्टर उड़ाने की इच्छा जताई है।