बस में दो बहनों के साथ कथित छेड़छाड़ मामले में समझौते के प्रयासों का दंभ भरने वाली खाप पंचायतें ही आमने-सामने आ गई हैं। एक ओर जहां रोहतक 84 खाप की ओर से दहिया खाप को नोटिस भेज कर दो दिन में कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है। वहीं, शनिवार को दहिया खाप ने इस नोटिस को सिरे से नकार दिया है।
दहिया खाप ने साफ कहा कि नोटिस के जरिए जिस तरह का आदेशात्मक रवैया अपनाया गया है, वह स्वीकार योग्य नहीं है। प्रधान का कहना है कि हम मामले में पीड़ित पक्ष हैं, हमे किस बात का नोटिस भेजा जा रहा है। वैसे भी ये मामला हुड्डा व दहिया खाप के बीच का है। रोहतक 84 खाप का औचित्य नहीं बनता है कि वह दहिया खाप को नोटिस दे।
दहिया खाप की पंचायत में हुआ मंथन
रोहतक 84 खाप की ओर से शुक्रवार को दहिया खाप को नोटिस जारी किया गया था। कहा गया है कि उनकी खाप की ओर से रोडवेज बस में कथित छेड़छाड़ मामले में समझौते के प्रयास करने के लिए 10 दिन का समय लिया गया है। लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है, इसलिए वे दो दिन में मामले में की गई कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट बताएं।
इस नोटिस को दहिया खाप ने काफी गंभीरता से लिया और शनिवार को इसे लेकर पंचायत की गई। दोनों बहनों के गांव थाना कलां में हुई पंचायत में रोहतक 84 खाप की ओर से भेजे गए पत्र को लेकर विचार विमर्श किया।
पंचायत में नाहरा चौबीसा प्रधान रमेश दहिया, बारह खांडा प्रधान राजेंद्र दहिया, दहिया खाप सचिव रणजीत दहिया, राज सिंह दहिया, जय सिंह मौजूद रहे। मंथन के बाद खाप ने नोटिस को सिरे से नकार दिया।
दहिया खाप ने नहीं दिया समय
दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र दहिया ने पंचायत के बाद आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि 18 जनवरी को नांदल भवन, रोहतक में महापंचायत हुई।
इसमें उनकी ओर से इतना ही कहा गया था कि वे मामले में एक पक्ष से बातचीत कर उसे सुलझाने में सहयोग करेंगे। इसके तहत वे लड़की पक्ष से बातचीत करने में प्रयासरत भी हैं। लेकिन, उन्हें 84 खाप प्रधान, रोहतक हरदीप सिंह अहलावत द्वारा एक पत्र लिखकर दो दिन के भीतर मामले में जवाब देने की बात कही गई है।
वहीं यह भी कहा गया है कि दहिया खाप ने 18 जनवरी को हुई पंचायत में मामले को सुलझाने के लिए 8 से 10 दिन का समय लिया था। यह पूरी तरह से गलत है। सुरेंद्र दहिया ने कहा कि पंचायत में गठित की गई 33 सदस्यीय कमेटी या फिर हुड्डा खाप की ओर से कोई लिखित अपील भी नहीं की गई है।
नोटिस नहीं, अपील भरा पत्र भेजा है: अहलावत
रोहतक 84 खाप प्रधान हरदीप अहलावत ने साफ कहा कि उन्होंने दहिया खाप को कोई नोटिस नहीं भेजा है। उन्होंने तो पत्र भेजकर गुजारिश की है।
इस पत्र के माध्यम से दहिया खाप से अपील की गई है कि आखिर इस मामले में उनकी कार्रवाई कहां तक पहुंची है। सामाजिक भाईचारा में किसी तरह का आदेश देने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। उन्होंने भी दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र दहिया से इस बारे में बात की है।