चंडीगढ़। न्यू चंडीगढ़ के पीसीए मुल्लांपुर स्टेडियम में शनिवार को क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। 30 हजार से अधिक दर्शकों से खचाखच भरा स्टेडियम नीली जर्सियों से रंगा था। हर चौके-छक्के पर शोर बढ़ता गया। रोहित-राहुल ने चाैकों-छक्कों की बरसात कर जहां दर्शकों का दिल जीता, वहीं वेस्टइंडीज ने रोमांचक मुकाबले में बाजी मार ली।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 351 रन बनाए। केएल राहुल ने 87 गेंदों पर नाबाद 129 रन की तूफानी पारी खेली। रोहित शर्मा ने 92 रन बनाए और बतौर ओपनर वनडे में 10 हजार रन पूरे किए। ऋतुराज गायकवाड ने 57 रन का योगदान दिया। जवाब में वेस्टइंडीज ने 48.2 ओवर में 352 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। कप्तान शाई होप ने नाबाद 160 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
मुल्लांपुर में यह पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे था। देशभर से पहुंचे क्रिकेटप्रेमियों की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर थीं। रोहित के 10 हजार रन पूरे होते ही स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। 92 रन पर आउट होने के बाद भी दर्शकों ने खड़े होकर उनका सम्मान किया। वहीं राहुल के शतक पर राहुल-राहुल के नारों से पूरा मुल्लांपुर गूंज उठा।