रॉक गार्डन में शनिवार को तीन दिवसीय तीज फेस्टिवल का आगाज हुआ। रॉक गार्डन सोसाइटी ने टूरिज्म डिपार्टमेंट के सहयोग से आयोजन किया है। तीज फेस्टिवल का उद्घाटन होम सेक्रेटरी अनुराग अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंरपरा और संस्कृति की पहचान ऐसे उत्सवों से है जिसकी सतरंगी छटा को देखने के लिए लोग विदेशों से यहां पहुंचते हैं।
इस मौके पर कल्चर डिर्पाटमेंट के डायरेक्टर जितेंद्र यादव भी मौजूद रहे। पहले दिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने भी सावन के गीतों व नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। पूरे गार्डन में लोगों के लिए कई झूले भी लगाए गए थे। जहां पर बच्चों से लेकर बड़े लोगों ने झूला झूलने का आनंद उठाया।
ताकि सिटी ब्यूटीफुल की खूबसूरती रहे बरकरार
फेस्टिवल के शुरुआत में होम सेक्रेटरी अनुराग अग्रवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही सभी को पौधे लगाने के लिए प्रेरित भी किया ताकि सिटी ब्यूटीफुल की खूबसूरती बरकरार रहे। इसके बाद उन्होंने झूला भी झूला।
बिखरी संस्कृति की छटा
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मथुरा से आए कलाकारों ने की। उन्होंने मयूर नृत्य पेश कर सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद शहर के कलाकार सोनालिका और परम चंदेल ने आया सावन झूम कर.... गीत पेश किया। वहीं,असावरी के छाई बरखा बहार....गीत ने तो कार्यक्रम में धूम मचा दी।
15 अगस्त को विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
फेस्टिवल में महिलाओं के लिए खाना बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें सभी ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इसमें विजेताओं के नाम की घोषणा 15 अगस्त को की जाएगी। साथ ही प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। भाग लेने वाली सभी महिलाओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।