चंडीगढ़। काैमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के दाैरान सड़कों पर जाम लग गया। खासकर से चंडीगढ़-जीरकपुर हाईवे और मोहाली में वाहन चालकों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों द्वारा आईएसबीटी-43 के सामने करीब साढ़े 11 बजे सड़क के बीच में बैठकर प्रदर्शन करने के दौरान पुलिस ने कजहेड़ी चौक पर ही बेरीकेड्स लगाकर ट्रैफिक की आवाजाही काे बंद कर दिया गया था। इसके अलावा कजहेड़ी चौक से मोहाली मोर्चे की ओर जाने वाली सड़कों को भी पुलिस ने बंद कर दिया था। इस दौरान वाहन चालकों के अलावा आमजन को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अतिरिक्त सुरक्षा बल रहा तैनात, कई जगह लगा जाम : मोहाली में पुलिस ने शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया था। साथ ही पुलिस ने ट्रैफिक को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया था। इसके बावजूद कई जगह जाम के हालात देखने को मिले।
चार किमी चलकर धरनास्थल पर पहुंचे लोग : पुलिस की ओर से रास्ते बंद किए जाने और बैरिकेड्स लगाने के बावजूद कौमी इंसाफ मोर्चा के समर्थक 4 किलोमीटर पैदल चलकर सेक्टर-52 धरनास्थल तक पहुंच गए। यहां से कई सदस्य वाहनों से जाने लगे तो पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद वह पैदल ही चंडीगढ़ की ओर निकल गए।
वाईपीएस चौक के अलावा फर्नीचर मार्केट लाइट पॉइंट भी किया जाम : प्रदर्शनकारियों ने वाईपीएस चौक के अलावा फर्नीचर मार्केट लाइट पॉइंट को भी जाम कर दिया। हालांकि पुलिस ने यातायात को संभालने की कोशिश की, लेकिन जाम में सुधार नहीं हो सका। मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस की सख्त सुरक्षा के बावजूद प्रदर्शनकारी हुड़दंग मचाते रहे। मोहाली के एसएसपी ने वाईपीएस चौक पर खुद मोर्चा संभाला और सुरक्षा का निरीक्षण किया।