किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने सभी सीमाएं सील कर दी हैं। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर झरमड़ी बॉर्डर सील होने से चंडीगढ़, मोहाली, हिमाचल प्रदेश और पंचकूला से वाहन सीधे अंबाला नहीं जा पा रहे। वाहनों को वाया बरवाला दिल्ली भेजा जा रहा है। इससे वाहन चालक घंटों जाम में फंस रहे हैं।
दिल्ली जाने वाली बसों की संख्या भी कम हो गई। पंजाब रोडवेज की एक भी बस मंगलवार को दिल्ली नहीं गई। सीटीयू ने भी बसों की संख्या घटा दी है। ऐसे में दिल्ली जाने वाली ट्रेनों व विमानों में भीड़ काफी बढ़ गई है।
हाल यह है कि चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली शताब्दी समेत सभी ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। हवाई जहाज के टिकट भी चार गुना तक महंगे हो गए हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर और रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट के लिए यात्रियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। सीट न मिलने से यात्री परेशान नजर आए। वहीं, होटल संचालकों ने किराए भी बढ़ा दिए हैं।
मंगलवार को चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस, उंचाहार एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों में भारी भीड़ रही। आरक्षण नहीं मिलने के कारण जनरल डिब्बे में सफर के लिए मारामारी की स्थिति रही। अधिक भीड़ होने के कारण कई बार यात्रियों की आपसर में झड़प भी हुई।
शाम को 4.35 बजे जाने वाली उंचाहार एक्सप्रेस में काफी भीड़ रही। यात्री हिम्मत सिंह और सुरेश सिंह ने बताया कि बसों का रूट बदलने के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इस कारण यात्री काफी परेशान हैं।
आईएसबीटी-17 पर सामान्य दिनों के मुकाबले सवारियों की संख्या काफी कम रही। सीटीयू के पूछताछ नंबर पर लगातार फोन आते रहे। ज्यादार लोगों का यही सवाल था कि बसें कहां तक जा रहीं हैं। परिवहन विभाग के निदेशक प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हरियाणा पुलिस की एडवाइजरी का पालन किया जा रहा है।
किसान आंदोलन का असर शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों के टिकटों पर भी पड़ा। टिकटों के दाम चार गुना तक बढ़ गए। चंडीगढ़ से दिल्ली की हवाई यात्रा के टिकटों के दाम चार हजार की जगह 16 हजार तक पहुंच गए। चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच चलने वाली फ्लाइटों के टिकट सामान्य तौर पर 4000 से 4500 रुपये के बीच मिल जाते हैं, लेकिन सड़क मार्ग के बाधित होने से विमानन कंपनियों ने दाम बढ़ा दिए हैं। हाल यह है कि फ्लाइट के टिकट भी नहीं मिल रहे। चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रोजाना करीब 12 फ्लाइटें उड़ान भरती हैं।
हवाई टिकटों के मूल्य में हुई बढ़ोतरी
एयरलाइंस पहले अब
एयरलाइंस एयर 2499 11219
विस्तारा 3907 16796
इंडिगो 3343 10,386
मोहाली में भी धारा-144 लागू, चंडीगढ़ की सभी सीमाएं सील
किसान आंदोलन को देखते हुए मोहाली में भी धारा-144 लागू कर दी गई। पुलिस ने चंडीगढ़ बॉर्डर पर मंगलवार सुबह नाकाबंदी कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के मोहाली में घुसने पर पाबंदी लगा दी गई और पंजाब से लगने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मोहाली-चंडीगढ़ बुडैल रोड पर संयुक्त नाकेबंदी की गई थी। मोहाली के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल मौके पर मौजूद रहे।
एसडीपीओ साउथ-वेस्ट के साथ एस्टेट ऑफिस के नायब तहसीलदार मक्खनराम, एसडीपीओ साउथ के साथ एसडीएम नवीन, एसडीपीओ सेंट्रल के साथ एसडीएम एचसीएस संयम गर्ग को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। इसके अलावा एसडीपीओ नार्थ-ईस्ट के साथ एसडीएम नितिश सिंगला, डीएसपी पीसीआर के साथ इंजीनियरिंग विभाग के एक्सईएन गुरप्रीत सिंह बैंस, डीएसपी क्राइम के साथ एक्सईएन दिनेश टंडन और डीएसपी पुलिस लाइन के साथ एस्टेट आफिस के नायब तहसीलदार सुरेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। मंगलवार को शहर में 11 प्वाइंट पर यातायात डायवर्ट रहा, जिस कारण कई जगह जाम की स्थिति रही और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस विभाग के आला अधिकारी लगातार शहर में कानून व यातायात व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।
जीरकपुर में भी बनी जाम की स्थिति
किसानों का काफिला जब शंभू बॉर्डर के लिए रवाना हुआ तो जीरकपुर के छत लाइट पॉइंट पर एक बार जाम की स्थिति पैदा हो गई। पंजाब से दिल्ली जाने वाले लोग एयरपोर्ट से डेराबस्सी होते हुए बाया बरवाला से साहा और वहां से शाहबाद के लिए जा रहे थे। वहीं किसानों का काफिला एयरपोर्ट से होता हुआ बाया राजपुरा बनूड़ से शंभू की ओर रवाना था। इस बीच एयरपोर्ट रोड पर जाम लग गया। वहां मौजूद पुलिस ने किसानों के काफिले को रोक कर वैकल्पिक रास्ते से निकाला और दिल्ली जाने वाला मार्ग खाली करवाया गया।
इन बैरियरों से यातायात किया डायवर्ट
1. मटौर बैरियर (सेक्टर-51/52 डिवाइडिंग रोड)
2. शून्य सीमा रेखा पर फर्नीचर मार्केट बैरियर (चंडीगढ़-मोहाली रोड सेक्टर-53/54)
3. बधेरी बैरियर (सेक्टर-54/55 डिवाइडिंग रोड)
4. सेक्टर-55/56 डिवाइडिंग रोड
5. मोहाली बैरियर (पीपी पलसोरा के पास)
6. फैदां बैरियर
7. जीरकपुर बैरियर
8. मुल्लांपुर बैरियर
9. नयागांव बैरियर
10. ढिल्लों बैरियर
11. हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट मनीमाजरा
टैक्सी चालकों ने भी बढ़ाया किराया
किसान आंदोलन के चलते रास्ते बंद होन से टैक्सी चालाकों ने भी किराया बढ़ा दिया। अंबाला तक टैक्सी से सफर करने वाले रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि बसें न मिलने से उन्हें देरी हो रही थी। इस कारण वह टैक्सी से अंबाला गए। रूट बदलने के कारण टैक्सी चालक ने 500 रुपये अधिक लिए। वहीं टैक्सी चालक कुलदीप सिंह ने कहा कि रूट बदलने के कारण किराया 1500 रुपये के बजाय दो हजार कर दिया गया है।
ट्रेनों का संचालन समय पर किया जा रहा है। बसों का संचालन प्रभावित होने के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। टिकट खिड़की और पूछताछ पर सभी व्यवस्था दुरुस्त की गई है। - मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, अंबाला मंडल