चंडीगढ़। मंगलवार को हुई बारिश ने शहर में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश तेज नहीं होने के बावजूद कई सेक्टरों की अंदरूनी सड़कें और रोड गलियां पानी से भर गईं। सेक्टर 24, सेक्टर 23-24 डिवाइडिंग रोड, सेक्टर 15-16, 18, 19, 21, 22, 23, 26, 27, 29, 37, 9 और 7 की कई सड़कों पर पानी जमा रहा। कई जगह रोड गलियां बंद होने के कारण पानी सड़क पर बहता रहा। संवाददाता ने मौके पर जाकर कई सेक्टरों में रोड गलियों की स्थिति देखी। कहीं दो-तीन रोड गलियां बंद मिलीं तो कुछ जगह रोड गलियों के ढक्कन टूटे हुए मिले।
शहर की सभी रोड गलियों के रखरखाव और सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है। सेक्टरों की अंदरूनी सड़कें, सर्कुलर रोड, बाजारों के सामने की सड़कें और कॉलोनियों की रोड गलियों की सफाई भी निगम के जिम्मे है। निगम ने रोड गलियों की सफाई के लिए कार्यकारी अभियंता राजबीर सिंह को नोडल अधिकारी बनाया हुआ है।
राजबीर सिंह ने बताया कि रोड गलियों में पीछे से रेत, पत्ते और टहनियां आकर जमा हो जाती हैं, जिससे कई बार वे बंद हो जाती हैं। जानकारी मिलते ही फील्ड स्टाफ को भेजकर बारिश के दौरान ही इन्हें खोल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि कई साल पहले बिछाई गई बरसाती पानी की लाइनों में भी मिट्टी जमा हो चुकी है। इसके कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है। निगम ने रोड गलियों की सफाई के लिए 75 कर्मचारी आउटसोर्स पर रखे हैं। इन्हें सितंबर तक रखने के लिए करीब 1.13 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है।
निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा ने कहा कि रोड गलियां बंद होने की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई। बारिश के दौरान लोक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को फील्ड में लगाया गया है और जहां भी रोड गली बंद मिलती है, उसे तुरंत साफ कराया जाता है।
बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली गुल
बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। सेक्टर 39, 40, मलोया, डड्डूमाजरा और सेक्टर 38 के कुछ हिस्सों में करीब 30 से 45 मिनट तक बिजली बाधित रही। सेक्टर 29, 27, 31 और मनीमाजरा में भी 15 से 20 मिनट तक बिजली गुल रहने की शिकायत मिली।
सब डिवीजन नंबर 10 के सेक्टर 39डी, 39सी, 40डी, 38ए, 38डी, 40ए, मलोया और डड्डूमाजरा में सुबह करीब पौने नौ बजे से 9.22 बजे तक बिजली बंद रही। लोगों के अनुसार बारिश के दौरान अंधेरा छा गया और बिजली गुल होने से परेशानी हुई। सब डिवीजन नंबर 8 के मौली जागरां और रायपुर कलां में भी बिजली बाधित रही। सब डिवीजन नंबर 3 के सेक्टर 27-28 में भी कुछ देर बिजली बंद रही।
चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के दौरान स्थानीय तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। खराबी का पता लगने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत उसे ठीक किया और कुछ ही देर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।