कनाडा के ब्रैंपटन के इंडो-कनाडाई वर्चस्व वाले इलाके में नया इतिहास रचा गया है। वहां पर डिक्सी रोड का नाम अब श्री गुरु नानक देव के नाम पर होगा। ब्रैंपटन सिटी काउंसिल ने सर्वसम्मति से डिक्सन रोड और ग्रेट लेक्स रोड के बीच की रोड का नाम गुरु नानक स्ट्रीट रखने का प्रस्ताव पास कर दिया है।
पीटर रॉबर्टसन रोड का नाम बदलने के लिए क्षेत्रीय पार्षद गुरप्रीत सिंह ढिल्लों और नगर पार्षद हरकीरत सिंह ने एक प्रस्ताव रखा था कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के सम्मान मेंरोड का नाम श्री गुरु नानक देव जी के नाम पर रखा जाना चाहिए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है।
सिटी ऑफ ब्रैंप्टन पब्लिक वर्क्स एंड इंजीनियरिंग स्टाफ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ब्रैंप्टन में रहने वाले दो लाख सिखों ने इस पर प्रशंसा व्यक्त की। प्रस्ताव पारित होने के बाद पार्षद ढिल्लों ने कहा कि ब्रैंप्टन दुनिया की सबसे बड़ी सिख आबादी में से एक है। पार्षद सिंह ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारी परिषद अपनी विशाल सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाने जा रही है, जिसमें सभी विभिन्न धर्मों, पृष्ठभूमि और जातीय लोगों के लोग शामिल होंगे।
डिक्सी रोड पर बड़ा गुरुद्वारा साहिब भी है, जहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोजाना माथा टेकने आते हैं। ब्रैंप्टन ईस्ट से सांसद मनिंदर सिद्धू मैनी ने कहा कि कनाडा में यह एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। अब श्री गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर गुरु नानक स्ट्रीट जनता को समर्पित कर दी जाएगी।
सिद्धू ने कहा कि समूची सिख समुदाय के लोगों में इससे खुशी की लहर है। वहीं डिक्सी रोड पर कारोबार करने वाले परम सिद्धू का कहना है कि 550वें प्रकाशोत्सव पर यह तोहफा अनमोल है और इससे संगत में खासा उत्साह है।