शहर की वी-4, वी-5 और वी-6 सड़कों को ठीक करने का काम तेजी से किया जाएगा
करीब 42 करोड़ रुपये से 60 से ज्यादा सड़कें बनेंगी
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहरवासियों को टूटी सड़कों की परेशानी से निजात दिलाने के लिए काम में तेजी लाई जाएगी। नगर निगम अगले सप्ताह से वी-4, वी-5 और वी-6 सड़कों की मरम्मत करने जा रहा है। इसके लिए पहले ही करीब 42 करोड़ रुपये के 11 टेंडर फाइनल हो चुके हैं।
इनमें सेक्टर-22, 41, 45, 47, 56 और 10 जैसे प्रमुख इलाकों की सड़कें हैं जो लंबे समय से खराब हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों और निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। कुछ इलाकों में फिलहाल पेचवर्क जारी है जिसे जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदारों को साइट सौंपकर काम शुरू कराया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार के बाद अब शहर की सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगम का लक्ष्य है कि आगामी महीनों में अधिकांश सड़कों को दुरुस्त कर नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा प्रदान की जा सके। दिवाली से पहले मेयर हरप्रीत कौर बबला ने बताया था कि त्योहार की वजह से काम शुरू नहीं किया जा रहा है। त्योहार खत्म होने के बाद काम में तेजी आएगी। दिवाली के बाद छठ पूजा भी 28 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। ऐसे में काम में तेजी आएगी। काम के लिए निगम के पास नवंबर और 15 दिसंबर तक का ही समय है। बहुत ज्यादा ठंड पड़ने के दौरान सड़क निर्माण का काम नहीं हो पाता है। उसके बाद मार्च और अप्रैल के महीने में सड़कों को बनाने का काम हो पाएगा।