चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग व लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) एक बार फिर पुरानी सीरीज के बाकी बचे फैंसी नंबरों की नीलामी करने जा रहा है। इसके चलते इच्छुक वाहन चालक 4 सितंबर को सुबह 10 से लेकर 10 सितंबर शाम पांच बजे तक पंजीकरण कर सकते हैं। वाहन चालक पसंदीदा नंबर के लिए 11 सितंबर से बोली लगाना शुरू कर सकेंगे। 13 सितंबर शाम पांच बजे तक बोली लगाई जा सकेगी। जिन नंबरों को नीलामी में रखा जाएगा, उनमें सीएच01-सीआर, सीएच01-सीक्यू, सीएच01-सीपी, सीएच01सीएन, सीएच01-सीएम, सीएच01-सीएल, सीएच01-सीके, सीएच01-सीजे, सीएच01-सीजी, सीएच01-सीएफ, सीएच01-सीई, सीएच01-सीडी, सीएच01-सीसी, सीएच01-सीबी, सीएच01-सीए, सीएच01-बीजेड, सीएच01-बीवाई, सीएच01-बीएक्स, सीएच01 बीडब्ल्यू, सीएच01-बीवी, सीएच01-बीयू, सीएच01-बीटी और सीएच01-बीएस से लेकर सीएच01-बीएच सीरीज के पुराने नंबर शामिल हैं। बता दें कि वाहन चालकों को नीलामी में भाग लेने के लिए अपने आपको को नेशनल ट्रांसपोर्ट की वेबसाइट पर जाकर रजिस्टर्ड करना होता है, जिसका चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध है। इसके बाद ही यूएएन नंबर प्राप्त कर सकते हैं। जिन लोगों ने चंडीगढ़ एड्रेस पर वाहन खरीदा है, वही नीलामी में भाग ले सकते हैं।
16 लाख रुपये का बिका था सीएच01-सीआर-0001
इससे पहले विभाग ने 25 जुलाई को नई सीरीज सीएच01-सीआर के सभी नंबरों की नीलामी की थी। इसमें विभाग को 1.97 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। ई-नीलामी में सीएच01-सीआर-0001 नंबर 16 लाख रुपये में बिका था। इसके बाद 8.07 लाख रुपये में 0007 नंबर की बोली लगी थी। इस नीलामी में विभाग कुल 434 फैंसी नंबरों को बेचने में सफल रहा था।